एसएसबी के महानिदेशक ने जम्मू कश्मीर के लिए 26 बुलेट-प्रूफ वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाई

 

श्रीनगर, 05 जून (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने जम्मू-कश्मीर में तैनात बल की परिचालन तत्परता और गतिशीलता को मजबूत करने के लिए 26 बुलेट-प्रूफ वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरे के दौरान एसएसबी के उप महानिरीक्षक श्रीनगर इम्तियाज इस्माइल पर्रे, एसएसपी श्रीनगर डॉ. जी.वी. संदीप चक्रवर्ती, जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न एसएसबी इकाइयों के कमांडेंट और तदर्थ कमांडेंट उपस्थित थे।

एसएसबी के एक प्रवक्ता ने बताया कि नए बेड़े में बल की विभिन्न बटालियनों के लिए दो मार्क्समैन और चार माइन प्रोटेक्टेड बुलेट प्रूफ (एमवीबीपी) वाहन शामिल हैं। महानिदेशक ने कहा कि आधुनिक वाहनों की तैनाती से जम्मू-कश्मीर के चुनौतीपूर्ण हालातों में सैनिकों की परिचालन क्षमता, गतिशीलता और सुरक्षित आवागमन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। बाद में महानिदेशक ने श्रीनगर स्थित एनआईटी हजरतबल का दौरा किया जहां उन्होंने आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए श्रीनगर और गांदरबल जिलों में तैनात अधिकारियों और अधीनस्थ अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और संसाधनों से सुरक्षा बलों को सुसज्जित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

उन्होंने वार्षिक तैनाती के दौरान राष्ट्रीय हितों की रक्षा में बल के समर्पण और व्यावसायिकता पर विश्वास व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह