बारिश से बाबा शिवो गोरन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ीं
जम्मू,, 11 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू में बारिश के चलते प्रसिद्ध बाबा शिवो गोरन धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानियां एक बार फिर बढ़ गई हैं। बारिश के कारण खड्ड में पानी का बहाव तेज हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षित रास्ते के अभाव में श्रद्धालु तेज बहाव के बीच खड्ड पार करने को मजबूर बताए जा रहे हैं।
सामने आई तस्वीरों में खड्ड में पानी का तेज बहाव देखा जा सकता है। इसके बावजूद श्रद्धालु बाबा शिवो गोरन धाम तक पहुंचने के लिए रास्ता पार करते नजर आ रहे हैं। ऐसे हालात में पानी का बहाव अचानक बढ़ने से किसी गंभीर हादसे का खतरा बना हुआ है।
सबसे बड़ा सवाल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। बारिश के दौरान खड्ड में पानी बढ़ने से धाम तक पहुंचने का रास्ता जोखिम भरा हो जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित आवाजाही की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है।
यह स्थिति प्रशासन के सामने भी गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर श्रद्धालुओं को कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर खड्ड पार करनी पड़ेगी? क्या बाबा शिवो गोरन धाम तक पहुंचने के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था की जाएगी?
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता