पारलीवंड की गलियों में विकास की दस्तक-27 लाख के पांच कामों का विधायक डॉ. भारत भूषण ने किया उद्घाटन
कठुआ, 04 सितंबर (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने शुक्रवार को पारलीवंड के वार्ड नंबर-10 में करीब 27 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए पांच विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन कार्यों में गलियों, नालियों और डीप ड्रेन का निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की वास्तविक जरूरतों और लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए इन विकास कार्यों को करवाया गया है। इनसे क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। विशेष रूप से गलियों, नालियों, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
--
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया