बरसात से बदहाल सड़कों पर दौड़ी विकास की मशीनरी, कठुआ में शुरू हुआ पैचवर्क
कठुआ, 13 सितंबर (हि.स.)। बरसात के कारण कठुआ शहर की बदहाल हुई मुख्य सड़कों से अब लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत के लिए पैचवर्क एवं ब्लैक टॉपिंग का काम शुरू कर दिया है।
फिलहाल हटली मोड़ से शहर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। इसके बाद सावन चक, न्यू बस स्टैंड समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों को भी कवर किया जाएगा।
गौरतलब है कि लगातार हुई बारिश के चलते कालीबाड़ी से शहीदी चौक, मुखर्जी चौक, परलीवंड, ओल्ड बस स्टैंड, न्यू बस स्टैंड से हटली मोड़ तक की मुख्य सड़कों की हालत काफी खराब हो गई थी। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और हादसों का खतरा भी बढ़ गया था। इसी को लेकर स्थानीय लोग लगातार सड़क की हालत सुधारने की मांग उठा रहे थे। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से शहरवासियों में राहत की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से प्रमुख मार्गों पर ब्लैक टॉपिंग और पैचवर्क का कार्य आगे भी जारी रखने की तैयारी है जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु होने के साथ वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया