ड्रग तस्करी से जुड़े लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध रूप से निर्मित मकान ध्वस्त
श्रीनगर, 20 मई (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों के खिलाफ अपने गहन अभियान को जारी रखते हुए श्रीनगर पुलिस ने मंगलवार को श्रीनगर के लाल बाजार इलाके में एक वांछित ड्रग तस्कर से जुड़े लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध रूप से निर्मित मकान को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि लाल बाजार पुलिस स्टेशन ने हाका बाजार, लाल बाजार में सरकारी जमीन पर निर्मित दो मंजिला अवैध ढांचे, उससे सटे एक कमरे और शौचालय को ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार यह संपत्ति लगभग नौ मरला में फैली हुई थी और हाका बाजार, लाल बाजार निवासी वली मोहम्मद शेख के पुत्र अर्शीद अहमद शेख से जुड़ी हुई थी जो नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज कई मामलों में संलिप्त है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जम्मू के जानीपुर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 और 22 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 31/2025 और लाल बाजार पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 50/2025 के अंतर्गत आते मामलों में संलिप्त है।
विध्वंस अभियान खानयार के कार्यकारी मजिस्ट्रेट और श्रीनगर नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति में चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों के व्यापार से उत्पन्न अवैध संपत्तियों और वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के चल रहे प्रयासों के तहत यह कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रावधानों के अनुरूप की गई है। पुलिस ने कहा कि पूरा अभियान उचित निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता