नई शिक्षा मंत्री से आरईटी शिक्षकों को ओपीएस का लाभ देने की मांग

 

जम्मू, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर नेशनल ओल्ड पेंशन रेस्टोरेशन यूनाइटेड फ्रंट ने शिक्षा मंत्री नियुक्त होने पर शमीमा फिरदौस को बधाई दी है। फ्रंट ने पूर्व शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की भी सराहना की। फ्रंट के यूटी महासचिव सकून मनीर ने उम्मीद जताई कि नई शिक्षा मंत्री शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान और स्कूल शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाएंगी।

फ्रंट ने सरकार से सरकारी आदेश संख्या 305-एफ (2026) के तहत पात्र रहबर-ए-तालीम शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाने की मांग की। विशेष रूप से 24 दिसंबर 2009 से पहले भर्ती संबंधी अधिसूचना जारी होने, विज्ञापन प्रकाशित होने या नियुक्ति किए जाने वाले पात्र मामलों पर विचार करने का आग्रह किया गया। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना की बहाली, आरईटी शिक्षकों के नियमितीकरण से जुड़े लंबित मामलों का निपटारा, विभागीय पदोन्नति समिति की नियमित बैठकें, वेतन विसंगतियों को दूर करने और बकाया राशि जारी करने की मांग भी उठाई गई।

सकून मनीर ने कहा कि जोन-4 और जोन-5 के दुर्गम क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, खराब संपर्क सुविधाओं और प्रतिकूल मौसम के बीच सेवाएं देने वाले शिक्षकों व अन्य सरकारी कर्मचारियों को विशेष कठिनाई भत्ता दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सेवा अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियों को सुनिश्चित करना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जरूरी है। फ्रंट ने इन मांगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उठाते रहने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा