बाबा जीतो और बुआ कौड़ी को सम्मान देने की मांग
जम्मू, 21 सितंबर (हि.स.)।
शहीद किसान बाबा जीतो संघर्ष समिति की ओर से बाबा जीतो और बुआ कौड़ी को उचित सम्मान देने की मांग को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया है। समिति द्वारा जारी पोस्टर में बाबा जीतो को किसानों के संघर्ष और बलिदान से जुड़ा ऐतिहासिक व्यक्तित्व बताते हुए उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की मांग की गई है।
समिति ने मांग रखी है कि शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय, जम्मू का नाम बदलकर “बाबा जीतो खेती यूनिवर्सिटी” किया जाए। इसके अलावा बाबा जीतो के इतिहास को पाठ्यक्रम में पढ़ाने, उनके जीवन पर एक डॉक्यूमेंट्री तैयार करने तथा बाबा जीतो और बुआ कौड़ी को उचित सम्मान देने की मांग की गई है।
पोस्टर में कहा गया है कि बाबा जीतो और बुआ कौड़ी को मानने वाले विभिन्न वर्गों के लोगों की भावनाओं और आस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार को उन्हें पूरा मान-सम्मान देना चाहिए। समिति ने लोगों से दोनों ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की महिमा का प्रचार करने और उनके सम्मान के लिए संघर्ष में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता