पाई नाले पर कोटली-चमियारा के बीच पुल निर्माण की उठी मांग
जम्मू, 30 अक्टूबर (हि.स.)। कटड़ा तहसील के कोटली और चमियारा क्षेत्र के निवासियों ने पाई नाले पर पुल निर्माण की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल नहीं होने के कारण कोटली, चमियारा, सेरी और सिरला सहित आसपास के गांवों के करीब 30 हजार लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की अपील की है।
सामाजिक कार्यकर्ता, लेखक एवं कवि अब्दुल कुद्दीर कुंद्रिया ने कहा कि क्षेत्र में रेलवे प्राधिकरण और सरकार के सहयोग से सड़कों का निर्माण तो हुआ है लेकिन पाई नाले पर पुल नहीं होने से लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कटड़ा-रियासी राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौदेवियां के पास स्थित पुल की जर्जर हालत पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार पिछले मानसून के दौरान पुल का करीब आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था जबकि इस मार्ग से दिन-रात बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। उन्होंने पुल की तत्काल मरम्मत अथवा नए पुल के निर्माण की मांग की।
कुंद्रिया ने कहा कि कोटली-चमियारा के बीच पुल बनने से न केवल करीब 30 हजार लोगों को राहत मिलेगी बल्कि कटड़ा और रियासी के बीच एक वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा। भारी बारिश या किसी अन्य कारण से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की स्थिति में यह मार्ग यातायात के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से दोनों पुलों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा