एफएए परीक्षा गड़बड़ी मामले में मास्टरमाइंड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
जम्मू, 24 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख ने 15 नवंबर को आयोजित फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताते हुए मामले के मास्टरमाइंड, आयोजकों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिषद ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से कथित नकल नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए की गई कार्रवाई की सराहना की। साथ ही कहा कि जांच को गिरफ्तारियों तक सीमित न रखते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाना चाहिए।
अभाविप ने विशेष जांच दल (एसआईटी) से समयबद्ध और व्यापक जांच कर वित्तीय लेनदेन, संचार माध्यमों तथा परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की संभावित भूमिका की पड़ताल करने की मांग की। परिषद के अनुसार, परीक्षा में 600 पदों के लिए 20 जिलों के 493 केंद्रों पर 1,61,946 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। यदि जांच में परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की पुष्टि होती है तो उचित सुधारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए, जिसमें परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करना भी शामिल हो सकता है।
परिषद ने जेकेएसएसबी और जेकेपीएससी की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य स्तरीय कमेटी गठित करने की मांग भी की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, परीक्षा विशेषज्ञों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को शामिल कर प्रश्नपत्र तैयार करने, मूल्यांकन, अभ्यर्थियों के सत्यापन, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का सुझाव दिया गया। अभाविप के प्रदेश सचिव सन्नक श्रीवत्स ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए तथा कथित गड़बड़ी में शामिल सभी लोगों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा