डीए जारी करने और मेडिकल भत्ता बढ़ाने की मांग, एनएमसी ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील
जम्मू, 12 मई (हि.स.)। एनएमसी अध्यक्ष सुभाष शास्त्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने संबंधी औपचारिक आदेश जल्द जारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव जम्मू में दरबार मूव बंद होने के अंतिम दिन आयोजित कैबिनेट बैठक में स्वीकृत किया जा चुका है लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं हुआ है।
नेशनल मजदूर कांफ्रेंस (एनएमसी) के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ती महंगाई और कीमतों से राहत देने के लिए सरकार को शीघ्र आदेश जारी करना चाहिए। उन्होंने सरकार से मासिक मेडिकल भत्ता 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की भी मांग उठाई और उम्मीद जताई कि आगामी कैबिनेट बैठक में इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
शास्त्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में दवाइयों और चिकित्सा खर्चों में भारी वृद्धि हुई है जिसके मद्देनज़र मेडिकल भत्ते में बढ़ोतरी जरूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि लद्दाख प्रशासन अपने पेंशनरों को 1 अप्रैल 2020 से 1000 रुपये मासिक मेडिकल भत्ता दे रहा है जबकि जम्मू-कश्मीर में अभी केवल 300 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से जनवरी 2020 से जून 2021 तक के 18 माह के लंबित डीए एरियर जारी करने की भी मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के रोके गए तीन डीए किश्तों के एरियर जारी करने की अपील की।
एनएमसी अध्यक्ष ने सरकार से आगामी बजट में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन ने समय-समय पर इन कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा