किसानों और पशुपालकों को नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग

 


जम्मू, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अपनी पार्टी किसान विंग के अध्यक्ष बद्रीनाथ शर्मा ने एससी सेल के अध्यक्ष बोधराज के साथ संभागीय आयुक्त जम्मू विकास कुंडल से मुलाकात कर हाल ही में भारी बारिश, ओलावृष्टि, अचानक आई बाढ़ और आकाशीय बिजली से किसानों व पशुपालकों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने और पात्र परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध करवाने की अपील की।

ज्ञापन में खड़ी फसलों, बागवानी उत्पादों, सब्जियों, पौधशालाओं, पशुधन और कृषि ढांचे को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन करने पर जोर दिया गया। बद्रीनाथ शर्मा ने कहा कि कृषि और पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार हैं और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाला नुकसान किसानों की आय, कर्ज चुकाने की क्षमता तथा अगली फसल की तैयारी को प्रभावित करता है। उन्होंने राजस्व, कृषि, बागवानी और पशुपालन विभागों की संयुक्त टीमें गठित कर जमीनी स्तर पर सर्वे कराने, छोटे व सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने तथा पशुधन गंवाने वाले परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में क्षतिग्रस्त सिंचाई व्यवस्था, ग्रामीण संपर्क मार्गों और पशुशालाओं की मरम्मत, फसल बीमा दावों के निपटारे तथा कृषि ऋणों के पुनर्निर्धारण की संभावनाओं पर विचार करने की अपील भी की गई। इस अवसर पर मोहन कुंडल, जनक राज, रमन शर्मा, तीर्थ सिंह, तीर्थ कुमार और महेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा