शंकराचार्य पहाड़ी पर प्रस्तावित धार्मिक स्थल के निर्माण की निष्पक्ष जांच की मांग
जम्मू, 29 अक्टूबर (हि.स.)। साधु धर्म स्थान सुरक्षा समिति, जम्मू-कश्मीर ने न्यू अशोका होटल में महंत दत्त गिरि महाराज की अध्यक्षता में वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में शंकराचार्य पहाड़ी पर प्रस्तावित धार्मिक स्थल के निर्माण को लेकर सामने आई खबरों पर चिंता जताई गई। समिति ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की।
समिति ने जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड द्वारा पहाड़ी पर या उसके आसपास निर्माण के लिए कथित तौर पर धनराशि मंजूर किए जाने संबंधी रिपोर्टों की जांच की मांग की। सदस्यों ने कहा कि किसी भी निर्माण या स्थल के मौजूदा स्वरूप में बदलाव से पहले भूमि के ऐतिहासिक महत्व, कानूनी स्थिति और आवश्यक अनुमतियों की जांच की जानी चाहिए। समिति ने कश्मीर का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने तथा जर्जर मंदिरों के पुनरुद्धार और पुनर्वास की दिशा में काम करने की भी घोषणा की।
वर्ष 1959 में स्थापित समिति मठों और मंदिरों के संरक्षण, प्रबंधन तथा धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्था के लिए कार्यरत है। सम्मेलन में 70 से अधिक संतों ने भाग लिया। इनमें महंत अभय गिरि महाराज, महंत मोहन गिरि महाराज, महंत रमेश्वर गिरि महाराज, महंत कन्हैयानंद सरस्वती, महंत चेतन गिरि और महंत सुभाष शाह सहित अन्य धार्मिक नेता शामिल रहे। सम्मेलन में नव शामिल सदस्यों का पारंपरिक मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा