भाजपा बैठक में जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक स्थिति पर मंथन, हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज
जम्मू, 09 अगस्त (हि.स.)। भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर जम्मू में बैठक हुई जिसमें जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, भाजपा के प्रदेश महासचिव (संगठन) अशोक कौल, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह और प्रदेश महासचिव संजिता डोगरा मौजूद रहे। बैठक में जम्मू-कश्मीर की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के कामकाज और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि नेकां सरकार द्वारा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी की जमीनी स्तर पर पहुंच मजबूत करने और लोगों के बीच सरकार की नीतियों एवं कार्यों को लेकर अपनी बात रखने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सत शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत पूरे जम्मू-कश्मीर में तिरंगा रैलियां और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनमें भाजपा विधायक, पूर्व विधायक, डीडीसी, बीडीसी सदस्य, पार्षद, सरपंच, पंच, पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठन और बुद्धिजीवी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान शहीदों के परिवारों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रमुख चौकों, सार्वजनिक स्थानों तथा शहीदों और राष्ट्रीय विभूतियों की प्रतिमाओं को तिरंगे से सजाया जाएगा।
सत शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच अपना संपर्क और मजबूत करेगी।
विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कथित खराब शासन, अधूरे वादों और प्राथमिकताओं को लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक और कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सरकार के कामकाज पर पार्टी का पक्ष रखेंगे। अशोक कौल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सभी कार्यक्रमों की बूथ स्तर तक विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने, जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर राजनीतिक मुद्दों को जनता के बीच रखने और लगातार जनसंपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा