“ड्रग फ्री कैंपस” पर जीडीसी मढ़हीन में वाद-विवाद प्रतियोगिता, छात्रों ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश
कठुआ, 16 अप्रैल (हि.स.)। देशव्यापी अभियान “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत 100 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत को चिह्नित करते हुए गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मढ़हीन में “ड्रग फ्री कैंपस” विषय पर अंतर-कॉलेज वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस प्रतियोगिता में 10 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों व प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल के माध्यम से नशे जैसी गंभीर समस्या पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। अपने संबोधन में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और इस नेक पहल में उनकी भागीदारी की सराहना की। प्रतियोगिता में समीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि धीरज द्वितीय और नितिका तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडलकृडॉ. मुनीषा देवी, डॉ. शालू रानी और प्रो. मनु सैनीकृद्वारा किया गया जिन्होंने छात्रों के तर्कों और प्रस्तुति कौशल की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का सफल समन्वय नशामुक्त भारत अभियान के कॉलेज संयोजक डॉ. बलबिंदर सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण देव सिंह, प्रो. अनूप शर्मा, प्रो. चरण सिंह, डॉ. प्रीति खजूरिया, डॉ. रीमी और डॉ. सोनिया सैनी सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के सशक्त संदेश के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया