सांबा के उपायुक्त ने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम और जेकेसीआईपी की प्रगति की समीक्षा की:
सांबा, 30 मई (हि.स.)।
उपायुक्त आयुषी सूडान ने आज डीसी कार्यालय परिसर के बैठक कक्ष में जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम और जम्मू एवं कश्मीर कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र प्रतिस्पर्धात्मकता सुधार परियोजना के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले भर में एचएडीपी और जेकेसीआईपी के तहत कार्यान्वित की जा रही प्रमुख परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
समिति ने ऑनलाइन एचएडीपी और जेकेसीआईपी पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और विभिन्न कृषि एवं संबद्ध विभागों के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चयन को अंतिम रूप दिया।
समग्र कृषि विकास कार्यक्रम की विभिन्न परियोजनाओं के तहत कुल 293 लाभार्थियों को मंजूरी दी गई जबकि जे केसी आईपी के तहत 57 लाभार्थियों को मंजूरी मिली जिससे स्वीकृत लाभार्थियों की कुल संख्या 350 हो गई।
उपायुक्त ने जीवंत गांवों की पहुंच बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी संबंधित विभागों को उन गांवों की पहचान करने का निर्देश दिया जहा समग्र कृषि विकास कार्य क्रम के तहत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और परिणामों के वास्तविक समय मूल्यांकन को सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल निगरानी तंत्र के माध्यम से उत्पादन ट्रैकिंग के महत्व पर बल दिया।
संबंधित विभागों को दक्ष किसान प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रमों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने परियोजनाओं के कुशल जमीनी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए किसान समृद्धि आउटरीच और परिवर्तन पहल के तहत इकाइयों की समय पर स्थापना और प्रभावी ट्रैकिंग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने जिले भर में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम और जेकेसीआईपी के लाभों को अधिकतम करने के लिए किसान खिदमत घर पहल के तहत किसानों के नामांकन पर जोर दिया। उन्होंने बैंकों से पात्र ऋण मामलों के प्रायोजन और स्वीकृति को प्राथमिकता देने और परियोजना के सफल कार्यान्वयन के लिए लाभार्थियों को उचित सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया।
बैठक में सांबा के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त, मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य बागवानी अधिकारी, मुख्य पशुपालन अधिकारी, जिला भेड़पालन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह