वाइब्रेंट विलेज योजना की समीक्षा, डीसी ने योजनाओं के 100 प्रतिशत लाभ पर दिया जोर
कठुआ, 03 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय परिसर में बैठक कर वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत चिन्हित छह सीमावर्ती गांवों के एक्शन प्लान की समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा तैयार ड्राफ्ट योजनाओं और प्रगति की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं का 100 प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और योजनाओं को जमीन से जुड़ा, परिणाम आधारित और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सत्यापन कर कमियों की पहचान करने और अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि बोबिया, कड्याला, गजनाल, करोल कृष्णा, रठुआ और गुज्जर चक्क गांवों को इस योजना के तहत चिन्हित किया गया है, जहां बुनियादी ढांचे और जनकल्याण योजनाओं के पूर्ण क्रियान्वयन पर फोकस किया जा रहा है। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया