झिड़ी मेले को लेकर डीसी ने लखनपुर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, यात्री सुविधाओं के दिए निर्देश
कठुआ, 23 नवंबर (हि.स.)। झिड़ी मेले के दौरान जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला उपायुक्त राजेश शर्मा ने लखनपुर का दौरा कर यातायात, स्वच्छता और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान डीसी ने लखनपुर मुख्य बाजार का निरीक्षण करते हुए नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी को अगले दस दिनों तक विशेष रूप से चैबीसों घंटे सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक अधिकारियों को भी यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चैबीसों घंटे प्रभावी प्रबंध करने को कहा। टोल प्लाजा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अधिकतम टोल गेट चालू रखने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े और उनका आवागमन सुचारू रहे। उन्होंने व्यापार मंडल के सदस्यों से भी दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस मौके पर कार्यकारी अधिकारी लखनपुर शालू देवी, डीएसपी ट्रैफिक, डीटीआई तथा एनएचएआई के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया