जौड़ियां माता मंदिर पहुंचे डीसी राजेश शर्मा, नवरात्र पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा

 




कठुआ, 12 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने प्रसिद्ध जौरियां माता मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर में श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान डीसी ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर में माथा टेकना उनकी व्यक्तिगत इच्छा थी। उन्होंने वार्षिक जौड़ियां माता यात्रा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। राजेश शर्मा ने यात्रा के सुचारू संचालन में स्थानीय लोगों के योगदान और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा की सफलता में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी, समर्पण और सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का विकास निरंतर जारी रहने वाली प्रक्रिया है। इसमें समय के साथ चरणबद्ध तरीके से सुधार किया जाएगा। डीसी ने जोर देते हुए कहा कि स्थायी विकास के लिए उचित योजना, निरंतर प्रयास और सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय जरूरी है। मंदिर में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन संबंधित विभागों, स्थानीय प्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ मिलकर काम करता रहेगा, ताकि माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर एसीआर कठुआ विश्व प्रताप सिंह, एसडीएम बनी संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया