गुरुद्वारा सिंह सभा में डीसी ने टेका माथा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सिरोपा भेंट कर किया सम्मानित

 


कठुआ, 24 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने दशमेश नगर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर संगत को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी सहित सिख गुरुओं की महान शिक्षाएं मानवता को सत्य, निःस्वार्थ सेवा, समानता और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं आज भी समाज में एकता, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उपायुक्त राजेश शर्मा को सम्मान स्वरूप सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं जिला सूचना अधिकारी कठुआ गुरप्रीत सिंह को भी कमेटी सदस्यों ने सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सौरव सिंह, गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान दलजीत सिंह, सचिव मनमोहन सिंह, सदस्य हरमोहिंदर सिंह, दमनजीत सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य एवं संगत उपस्थित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया