पीएमईजीपी और जेकेआरईजीपी योजनाओं की प्रगति की डीसी कठुआ ने की समीक्षा

 


कठुआ, 16 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने सोमवार को डीसी कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित कर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जिले में हो रही प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मुश्ताक चैधरी, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमन जसरोटिया, आरसेटी कठुआ की निदेशक उत्पला सैकिया, केवीआईबी के जिला अधिकारी सुरिंदर शर्मा और आईपीओ डीआईसी शिवांग गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों स्वरोजगार योजनाओं के तहत स्वीकृत, अनुमोदित और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मामलों को दस्तावेजों की कमी और तकनीकी कारणों से बैंकों द्वारा अस्वीकृत किया गया है, जबकि कुछ पात्र मामले अभी भी विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। उपायुक्त ने बैंकों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लंबित पात्र मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को यह भी निर्देश दिया कि अस्वीकृत मामलों का विवरण संबंधित विभागों को भेजा जाए, ताकि आवश्यक सुधार कर आवेदकों को आगे की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि पीएमईजीपी और जेकेआरईजीपी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वय के साथ कार्य कर निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया