डीसी कठुआ ने कठुआ क्रिकेट लीग का किया शुभारंभ, युवाओं को नशामुक्ति का संदेश
कठुआ, 04 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को राजकीय डिग्री कॉलेज बॉयज के खेल मैदान में कठुआ क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है और इससे अनुशासन व टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के लिए ऐसे और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। टूर्नामेंट में 24 टीमें भाग ले रही हैं। लीग चरण के मुकाबले सफेद पोशाक में लाल गेंद से खेले जा रहे हैं जबकि नॉकआउट चरण में रंगीन पोशाक और सफेद गेंद का उपयोग होगा। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में कठुआ ब्लास्टर्स, बरवाल एथलीट क्लब और गुरहा मुंडा की टीमों ने जीत दर्ज कर शानदार शुरुआत की।
इस मौके पर मुख्य योजना अधिकारी रणजीत ठाकुर, जिला सूचना अधिकारी राजिंदर डिगरा, सहायक निदेशक युवा सेवा एवं खेल संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया