दूरदराज इलाकों तक पहुंचेगी जीवनदायिनी सेवा-डीसी कठुआ ने ब्लड कलेक्शन वैन को दिखाई हरी झंडी
कठुआ, 13 जून (हि.स.)। जिले के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को जिला कार्यालय परिसर से बसोहली और बनी उपमंडलों के लिए ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्ट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अत्याधुनिक ब्लड कलेक्शन वैन एक समय में 60 यूनिट रक्त संग्रहित व सुरक्षित रखने में सक्षम है। इसमें मौके पर ही रक्त संग्रह, सुरक्षित भंडारण और आवश्यक तापमान बनाए रखने की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एकत्रित रक्त को आगे उपयोग और जरूरतमंदों को ट्रांसफ्यूजन के लिए जीएमसी कठुआ में जमा किया जाएगा।
यह पहल 14 जून को मनाए जाने वाले विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में शुरू की गई है जिसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और खासकर दूरदराज क्षेत्रों में इसके प्रति जागरूकता फैलाना है।
डीसी ने जेके ब्लड डोनर्स एंड वेलफेयर सोसाइटी और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाओं को पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचाने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और जरूरतमंदों को समय पर जीवनरक्षक सहायता मिल सकेगी। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता से स्वैच्छिक रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पूर्व डीडीसी सदस्य संदीप मजोत्रा ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि अब तक करीब 100 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया है। यह वैन बसोहली, भूंड बनी, लोवांग और सार्थल क्षेत्रों में जाकर शिविर आयोजित करेगी और सुरक्षित रक्त संग्रह की सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर एडीसी कठुआ महिमा मदान, एएसपी सुनील केसर, पूर्व डीडीसी सदस्य संदीप मजोत्रा, जेकेबीडब्ल्यूएस के संस्थापक मलकीत सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सोसायटी के सदस्य एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया