डीसी जम्मू मिंगा शेरपा और विधायक मोहन लाल भगत ने बाढ़ प्रभावित देवीपुर, चक और मेरा का दौरा किया

 

जम्मू,, 11 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा और अखनूर के विधायक मोहन लाल भगत ने प्रशासनिक टीम के साथ देवीपुर, चक और मेरा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

डीसी जम्मू ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने और समस्याओं का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं विधायक मोहन लाल भगत ने लगातार हो रहे भूमि कटाव और बाढ़ से जमीन तथा संपत्ति को होने वाले नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने प्रभावित इलाकों में चैनलाइजेशन और सुरक्षा के लिए ब्लॉक निर्माण करवाने की जरूरत पर जोर दिया। विधायक ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने की अपील की ताकि स्थानीय लोगों को बाढ़ और भूमि कटाव से राहत मिल सके। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता