नशा मुक्ति केंद्र का डीसी ने लिया जायजा
कठुआ, 09 मई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कठुआ स्थित एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी सेंटर का दौरा कर वहां दी जा रही उपचार और पुनर्वास सेवाओं की समीक्षा की।
यह केंद्र ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से संचालित हो रहा है और ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत नशे की समस्या से निपटने में अहम भूमिका निभा रहा है। दौरे के दौरान डीसी ने केंद्र की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया और बुनियादी ढांचे, मरीजों की देखभाल, काउंसलिंग सेवाओं तथा पुनर्वास व्यवस्था का जायजा लिया। डिप्टी सीएसओ डॉ. नीरज नागपाल ने जानकारी दी कि केंद्र को हाल ही में 10 बेड से बढ़ाकर 22 बेड का किया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्टाफ की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। डीसी ने मेडिकल टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशा पीड़ितों के उपचार में संवेदनशील और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है ताकि वे समाज में सम्मान के साथ पुनः स्थापित हो सकें।
इस दौरान डीसी ने उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा और उन्हें जागरूकता फैलाने में भी योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग, समय पर उपचार और जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान जारी रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सकें। दौरे के दौरान एडीसी विशवजीत सिंह सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया