मैदान पर बेटियों ने दिखाया दम, कठुआ ने पूंछ को दी शिकस्त

 


कठुआ, 08 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के दयालाचक में युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से अंडर-19 छात्राओं की अंतर जिला संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता उत्साहपूर्वक जारी है। प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों की खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं।

मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में कठुआ ने पूंछ को 8 अंकों से हराया जबकि डोडा ने पूंछ को एक पारी और दो अंक तथा किश्तवाड़ को एक पारी और चार अंकों से पराजित किया। उधमपुर ने किश्तवाड़ को एक पारी और आठ अंक तथा पूंछ को एक पारी और दो अंकों से मात दी। दूसरे मैदान पर जम्मू ने राजौरी को एक पारी और एक अंक, रामबन को एक पारी और एक अंक तथा सांबा को एक पारी और दो अंकों से हराया।

सांबा ने रियासी को चार अंकों से जबकि राजौरी ने रियासी को दो अंकों से पराजित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। खिलाड़ियों ने मुकाबलों में शानदार खेल भावना और उत्साह का प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया