जम्मू के गवर्नमेंट हाई स्कूल डेली में कस्टम विभाग ने करवाई पेंटिंग प्रतियोगिता
जम्मू, 28 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू में कस्टम्स प्रिवेंटिव डिवीजन की ओर से गवर्नमेंट हाई स्कूल डेली में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्कूल के हेडमास्टर विजय गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जिसमें स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया और रंग-बिरंगी पेंटिंग के जरिए अपनी कला, सोच और कल्पनाशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना और कला के माध्यम से जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर कस्टम्स प्रिवेंटिव डिवीजन जम्मू के असिस्टेंट कमिश्नर विवेक रावल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ कस्टम विभाग की टीम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्कूल पहुंचने पर मुख्य अतिथि और उनकी टीम का स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अलग-अलग रंगों और चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को कागज पर उतारा। बच्चों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर विवेक रावल ने विद्यार्थियों की बनाई पेंटिंग की सराहना की और उनकी प्रतिभा तथा उत्साह की तारीफ की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करती हैं।
वहीं स्कूल के हेडमास्टर विजय गुप्ता ने पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए कस्टम विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला और अन्य गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने और उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ। इस प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को अपनी कला दिखाने के साथ-साथ कुछ नया सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता