सज्जन यादव के कार्यभार संभालने तक शैलेंद्र कुमार संभालेंगे जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का प्रभार

 

जम्मू, 01 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने रविवार को आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार को मुख्य सचिव का प्रभार सौंप दिया है। वे तब तक इस पद पर रहेंगे जब तक डॉ. सज्जन सिंह यादव केंद्र शासित प्रदेश में कार्यभार नहीं संभाल लेते। सरकारी आदेश के अनुसार शैलेंद्र कुमार जो वर्तमान में वित्त विभाग में वित्तीय आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) के रूप में कार्यरत हैं और जिनके पास कृषि उत्पादन विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है, वे तब तक मुख्य सचिव का काम देखेंगे जब तक कि यादव जम्मू-कश्मीर में कार्यभार नहीं संभाल लेते।

इससे पहले केंद्र सरकार ने 24 अक्टूबर को 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया था। उनका तबादला दिल्ली से किया गया है जहाँ वे अतिरिक्त मुख्य सचिव और दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह