सीआरपीएफ कश्मीर घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों के साथ-साथ नागरिक कार्रवाई कार्यक्रमों पर भी अपना ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगी-महानिरीक्षक पवन कुमार
श्रीनगर, 21 नवंबर (हि.स.)। सीआरपीएफ के श्रीनगर सेक्टर के महानिरीक्षक पवन कुमार शर्मा ने शनिवार को बताया कि सीआरपीएफ कश्मीर घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों के साथ-साथ नागरिक कार्रवाई कार्यक्रमों पर भी अपना ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगी।
सीआरपीएफ टी20 क्रिकेट कप के चौथे संस्करण के समापन समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में महानिरीक्षक पवन कुमार शर्मा ने कहा कि सीआरपीएफ नागरिक कार्रवाई कार्यक्रम के तहत अर्धसैनिक बल पिछले चार वर्षों से नियमित रूप से इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम के तहत, क्रिकेट और फुटबॉल दोनों टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं ताकि घाटी के युवा बल से लगातार जुड़े रहें और हम उनके साथ मिलकर काम करें। सीआरपीएफ के साथ जनता के बढ़ते सहयोग पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पहले हमें इतनी प्रविष्टियाँ नहीं मिलती थीं। मुझे याद है कि पिछले साल हमें 116 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई थीं जिनमें से 16 टीमों ने भाग लिया था। इस बार 130 से अधिक प्रविष्टियाँ आईं और उनमें से सीआरपीएफ ने 16 टीमों के लिए इसका आयोजन किया।
सीआरपीएफ अधिकारी ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में बल फुटबॉल के लिए इसी तरह का एक टूर्नामेंट आयोजित करेगा जिसमें मध्य कश्मीर के तीनों जिलों बडगाम, श्रीनगर और गांदरबल से चार-चार टीमें भाग लेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षाबल जनता को धमकाने के लिए नहीं बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए हथियार रखते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास जो हथियार हैं, वे केवल सुरक्षा के लिए हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य यह रहा है कि सरकार ने हमें जहां भी ड्यूटी पर भेजा है, हम सभी उस ड्यूटी को सर्वोत्तम तरीके से निभाएं। हथियार रखने का मतलब कुछ और नहीं है। हथियार केवल राष्ट्रविरोधी तत्वों के लिए हैं।
कुलगाम में हाल ही में हुए ऑपरेशन के बारे में पूछे जाने पर जिसमें लश्कर-ए-तैयबा कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकवादी मारे गए थे, सीआरपीएफ आईजी ने कहा कि बल जरूरत के हिसाब से कार्रवाई करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कुलगाम में जो कुछ हुआ, वहां भी हमें जो काम करने की जरूरत है, हम वह कर रहे हैं। सेना, नागरिक पुलिस और हमारी सभी खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर प्रभावी ढंग से काम करते हुए हमारी फोर्स जहां भी जरूरत है वहां आवश्यक कार्य कर रही है। और धीरे-धीरे हमें इसमें काफी सफलता मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता