दीपावली से एक दिन पहले कठुआ के बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़, मिट्टी के दीयों की लौ से रोशन हुई परंपरा
कठुआ, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के पावन पर्व से एक दिन पहले शनिवार को कठुआ जिले के बाजारों में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। घरों को सजाने से लेकर पूजा सामग्री, मिठाइयों, कपड़ों और दीपावली से जुड़े अन्य सामान की खरीदारी को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
आधुनिकता के इस दौर में भी लोगों का पारंपरिक मिट्टी के दीयों और बर्तनों के प्रति लगाव देखने को मिला। बाजारों में मिट्टी के दीयों, दीपक और पारंपरिक सजावटी सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। वहीं घरों को रोशनी से सजाने के लिए रंग-बिरंगी बिजली की लड़ियां, आकर्षक लाइटें, लटकन और अन्य सजावटी वस्तुओं की जमकर खरीदारी हुई। मिठाइयों की दुकानों पर भी विशेष रौनक देखने को मिली। दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और दीपावली के विशेष पकवानों से अपनी दुकानों को सजाया हुआ था।
त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़ के बीच जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस तथा यातायात पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौक-चैराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद दिखाई दीं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और त्योहार के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
वहीं सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पटाखों के गोदामों और बिक्री स्थलों को लेकर भी सख्ती बरती गई है। पटाखों के गोदाम शहर से बाहर निर्धारित स्थानों पर संचालित करने तथा सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से हाल ही में पटाखा गोदामों और बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर नियमों की अनुपालना भी जांची गई है। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से लोगों से सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की गई है। नागरिकों को ग्रीन दीपावली अपनाने, कम प्रदूषण फैलाने वाले विकल्पों को प्राथमिकता देने तथा पटाखों का इस्तेमाल करते समय निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है। कुल मिलाकर दीपावली से एक दिन पहले कठुआ के बाजारों में खरीदारी का उत्साह, पारंपरिक मिट्टी के दीयों की चमक और रंग-बिरंगी रोशनी ने त्योहार के माहौल को और भी खास बना दिया। बाजारों की रौनक के बीच प्रशासन की सतर्कता से लोगों में सुरक्षित और शांतिपूर्ण दीपावली मनाने को लेकर भरोसा नजर आया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया