पुरमंडल का “समृद्धि वन” पार्क बदहाली का शिकार, रखरखाव का अभाव
जम्मू,, 15 अप्रैल (हि.स.)।
पुंरमंडल में करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किया गया “समृद्धि वन” पार्क इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। वन विभाग द्वारा करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किए गए इस पार्क को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए विकसित किया गया था लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है।
इस पार्क में सरोवर, व्यू प्वाइंट, पेयजल व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट तथा तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया था जो अब रखरखाव के अभाव में नष्ट होने की कगार पर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अगस्त माह में आई भारी बारिश और बाढ़ के कारण पार्क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था लेकिन करीब आठ महीने बीत जाने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत और पुनर्स्थापना के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
समृद्धि वन की एक विशेष पहचान यह भी रही है कि पुरमंडल क्रिमेशन गराउंड में अंतिम संस्कार के बाद लोग अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में यहां पौधारोपण करते थे। वन विभाग द्वारा इन पौधों पर संबंधित व्यक्तियों के नाम की पट्टिकाएं भी लगाई जाती थीं, जिससे यह स्थान भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बन गया था। हालांकि अब देखरेख के अभाव में ये पौधे भी नष्ट हो रहे हैं।
इसके अलावा पार्क में बनाए गए शॉपिंग पॉइंट भी लंबे समय से बंद पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन दुकानों को किराये पर दिया जाए तो जहां बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सकता है, वहीं आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्थानीय निवासियोंकृगोविंद राम शर्मा, राजेश कुमार, मूल राज और लुविश कुमारकृने प्रशासन और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्क में आवारा पशु और बकरवालों के जानवर खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे तुलसी वन और लोगों द्वारा लगाए गए स्मृति पौधे नष्ट हो रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता