क्राइम ब्रांच ने ठगी के मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की
जम्मू,, 21 जून (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर की क्राइम ब्रांच ने वित्तीय धोखाधड़ी, ठगी और आपराधिक साजिश के आरोपों में तीन व्यक्तियों, जिनमें एक सेवानिवृत्त एएसआई भी शामिल है, के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शिकायतों की विस्तृत जांच और सत्यापन के बाद की गई है, जिसमें प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं। पहले मामले में आरोप है कि सेवानिवृत्त एएसआई सहित दो व्यक्तियों ने एक शिकायतकर्ता को लाभ और सेवाएं दिलाने का झांसा देकर बड़ी राशि ऐंठ ली, लेकिन वादे पूरे नहीं किए गए। जांच में धोखाधड़ी, विश्वासघात और आपराधिक साजिश के संकेत मिलने पर मामला दर्ज किया गया। वहीं दूसरे मामले में एक अन्य आरोपी पर भी झूठे आश्वासन देकर पैसे लेने और बाद में वादे पूरे न करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और कहा है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता