जम्मू में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5.50 लाख की कथित ठगी, डेंटल डॉक्टर के खिलाफ चार्जशीट
जम्मू,, 01 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू में स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच जम्मू की आर्थिक अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी डेंटल डॉक्टर खान के खिलाफ जांच पूरी करने के बाद जम्मू की स्पेशल म्युनिसिपल मोबाइल मजिस्ट्रेट कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी है।
क्राइम ब्रांच की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह मामला पुलिस स्टेशन क्राइम ब्रांच आर्थिक अपराध शाखा जम्मू में दर्ज मामले जुड़ा है। इस मामले में रणबीर पीनल कोड की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता जौहर हफीज की लिखित शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी खान ने खुद को सिविल सचिवालय में प्रभावशाली लोगों के संपर्क में होने का दावा करते हुए स्वास्थ्य विभाग में जूनियर असिस्टेंट की सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5 लाख 50 हजार रुपये लिए, लेकिन कथित तौर पर नौकरी नहीं दिलाई।
मामले की जांच इंस्पेक्टर तरनजीत सिंह ने की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता, बैंक अधिकारियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। क्राइम ब्रांच के अनुसार, बैंक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के खाते से आरोपी के बैंक खाते में 5 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
जांच एजेंसी ने बताया कि मामले में बैंक स्टेटमेंट, पैसों के लेनदेन का रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक चैट और सर्विस रिकॉर्ड सहित कई दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाए गए। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इन सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ 420 के तहत धोखाधड़ी का मामला बनता पाया गया।
क्राइम ब्रांच ने यह भी बताया कि आरोपी पेशे से डेंटल डॉक्टर है और उसका नाम आर्थिक अपराध शाखा जम्मू में दर्ज कुछ अन्य मामलों में भी सामने आया है। हालांकि, उन मामलों का विस्तृत विवरण जारी जानकारी में नहीं दिया गया है।
जांच पूरी होने के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ चार्जशीट अदालत में पेश कर दी है। अब अदालत में मामले की आगे की सुनवाई होगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता