पीआरसी फर्जीवाड़े में क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
जम्मू, 3 नवंबर (हि.स.)। क्राइम ब्रांच जम्मू की आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी स्थायी निवासी प्रमाणपत्र हासिल करने के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ जम्मू की एंटी करप्शन कोर्ट स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।
मामला एफआईआर नंबर 11/2013 से संबंधित है। शिकायत के अनुसार मूल रूप से सियालकोट के पश्चिमी पाकिस्तान शरणार्थी लखन सिंह ने पंजाब से जम्मू आने के बाद कथित तौर पर जनगणना रिकॉर्ड और वंशावली से संबंधित दस्तावेजों में हेराफेरी कर अपने और परिवार के लिए पीआरसी हासिल किए थे।
जांच में सामने आया कि इन प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल उसके बेटों प्रेम सिंह और प्रभाकर सिंह ने सरकारी लाभ लेने के लिए किया। प्रेम सिंह ने एस्टेट्स विभाग में सरकारी नौकरी हासिल की जबकि प्रभाकर सिंह दो बार सरपंच भी रहे। जांच में मुख्य आरोपी लखन सिंह और तत्कालीन तहसीलदार जम्मू सतपाल गुप्ता की मृत्यु हो चुकी है जबकि प्रेम सिंह और प्रभाकर सिंह के खिलाफ कथित संलिप्तता के साक्ष्य सामने आए हैं। इसके बावजूद चारों आरोपियों के खिलाफ सक्षम अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है। जांच डीएसपी फैसल आरिफ रिशु की निगरानी में की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया