बसोहली में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित

 


कठुआ/बसोहली, 22 फरवरी (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा बसोहली जोन में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता गवर्नमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली के मैदान में आयोजित हुई, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेलों से जोड़ना है।

पहले दिन अपर जोन में दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच पलासी और महानपुर के बीच हुआ, जिसमें पलासी टीम ने 20 गेंद शेष रहते 82 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला बसोहली टीम और हट टीम के बीच खेला गया। दूसरे मैच का उद्घाटन डीडीसी अध्यक्ष महान सिंह ने किया। इस अवसर पर एडीसी बसोहली पंकज भंगोत्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों ने नशा मुक्त भारत अभियान का समर्थन करने और स्वयं नशामुक्त रहने की शपथ ली। डीडीसी अध्यक्ष महान सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विराट कोहली और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो खेल के माध्यम से अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया