क्रिकेट को जम्मू बनाम कश्मीर का मुद्दा न बनाया जाए- महबूबा
श्रीनगर, 16 जुलाई (हि.स.)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) में चिंताजनक घटनाक्रमों का आरोप लगाया और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से हस्तक्षेप करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि क्रिकेट को जम्मू बनाम कश्मीर का मुद्दा न बनाया जाए।
महबूबा ने एक पोस्ट में कहा कि जेकेसीए को राजनीति, भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय पूर्वाग्रह से ऊपर रहना चाहिए और बीसीसीआई के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर के पूर्व क्रिकेटर मिथुन मन्हास के होने के बावजूद इन घटनाक्रमों पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह देखना चिंताजनक है कि लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई जेकेसीए को उचित प्रक्रिया के बिना कमजोर किया जा रहा है और इसके अध्यक्ष जावेद खिताब और स्थानीय क्लबों को उनकी कश्मीरी पहचान के कारण निशाना बनाया जा रहा है और हटाया जा रहा है।
पीडीपी प्रमुख ने बीसीसीआई से इस हस्तक्षेप को रोकने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि क्रिकेट को जम्मू बनाम कश्मीर का मुद्दा न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, यह तय करने का अधिकार क्रिकेट को होना चाहिए न कि पहचान को।
उन्होंने अपने पोस्ट में बीसीसीआई सचिव जय शाह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी टैग किया। उनकी यह टिप्पणी जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) के भीतर क्लब प्रतिनिधित्व और एसोसिएशन के कामकाज से संबंधित विवादों के बीच आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता