अवैध खनन पर कार्रवाई: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गांदरबल और शोपियां में 13 वाहन किए जब्त
श्रीनगर, 26 फ़रवरी (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर के गांदरबल और शोपिया जिलों में अवैध रूप से लघु खनिजों के खनन और परिवहन में शामिल 13 और वाहन पुलिस ने जब्त किए हैं।
बयान के अनुसार गांदरबल जिले में ये वाहन अनिवार्य अनुमतियों के बिना नाला सिंध से अवैध रूप से निकाले गए खनिजों का परिवहन कर रहे थे। भूविज्ञान एवं खनन विभाग के साथ त्वरित समन्वय में संबंधित पुलिस थानों की टीमों ने मौके पर ही इन वाहनों को रोककर जब्त कर लिया जिससे क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा कस गया है। बयान में कहा गया है कि अवैध खनन से न केवल सरकारी खजाने को नुकसान होता है बल्कि यह क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। पुलिस ने अपराधियों को अवैध खनन और खनिज परिवहन से बाज आने की कड़ी चेतावनी दी है और कहा है कि अवैध खनन, परिवहन या खनिज व्यापार में शामिल सभी उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इसी तरह ज़ैनापोरा पुलिस स्टेशन और तुर्कवांगम पुलिस चौकी ने जिले के ज़ैनापोरा और तुर्कवांगम क्षेत्रों में अवैध रूप से खनिज निकालने और परिवहन में शामिल सात ट्रैक्टर जब्त किए। बयान के अनुसार नियमित गश्त के दौरान ज़ैनापोरा पुलिस स्टेशन की एक पुलिस टीम ने एक ट्रैक्टर को रोका जो वैध रॉयल्टी दस्तावेजों के बिना अवैध रूप से खनिज निकाल रहा था। इस संबंध में ज़ैनापोरा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 16/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इसी तरह तुर्कवांगम पुलिस चौकी की एक पुलिस टीम ने सुगन और तुर्कवांगम क्षेत्रों में वैध रॉयल्टी दस्तावेजों के बिना अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त छह ट्रैक्टरों को रोका। इस संबंध में ज़ैनापोरा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 17/2026 और 18/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जिले के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और आम जनता से ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना देकर सहयोग करने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता