नशे के सौदागरों पर प्रहार-352 ग्राम हेरोइन सहित 3 तस्कर गिरफ्तार
कठुआ, 13 जून (हि.स.)। नशे के खिलाफ अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब से एक फरार तस्कर को गिरफ्तार किया है जो पिछले सात महीनों से गिरफ्तारी से बच रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी के खुलासे पर 50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 1 लाख नकद बरामद किए गए।
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर 2025 को थाना लखनपुर पुलिस ने नाका लगाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 300 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस संबंध में एफआईआर संख्या 125/2025 धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जांच के दौरान सामने आए मुख्य आरोपी गुलजार अहमद उर्फ दाऊ को अब पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उसके खुलासे पर मढ़हीन क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में छापेमारी कर नशीला पदार्थ और नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 352 ग्राम हेरोइन और 1 लाख नकद जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया