सीमेंट बल्कर टैंकर में गो-तस्करी प्रयास विफल, 15 पशु मुक्त करवाए

 


सांबा, 17 अप्रैल (हि.स.)। सांबा पुलिस ने घगवाल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गो-तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर 15 मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट बल्कर टैंकर एचआर55एबी-7460 को भी जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एनएचडब्ल्यू टपयाल नाके पर वाहन को रोका गया। जांच के दौरान टैंकर के अंदर 15 मवेशी क्रूर तरीके से बंधे हुए पाए गए, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और वाहन को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना घगवाल में एफआईआर संख्या 39/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया