फ्लड कंट्रोल टेंडरों को लेकर ठेकेदारों में नाराजगी
जम्मू,, 05 मई (हि.स.)।
रजिस्टर्ड कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन जम्मू प्रोविंस ने मंगलवार को प्रेस क्लब जम्मू में प्रेस वार्ता कर जल शक्ति विभाग के फ्लड कंट्रोल विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताई। एसोसिएशन के महासचिव विनोद कोहली ने कहा कि विभाग द्वारा एसएएससीआई घटक के तहत जारी किए गए टेंडरों को लेकर ठेकेदारों में भारी असमंजस और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए फंड अगस्त 2026 तक ही उपलब्ध रहेगा जबकि एएए और टी.एस. की प्रक्रिया अभी लंबित है। इसके अलावा जुलाई से सितंबर तक नदी क्षेत्रों में माइनिंग पर प्रतिबंध होने के कारण निर्माण सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाएगी जिससे जून 30 तक कार्य पूरा करना संभव नहीं है। एसोसिएशन ने सभी ठेकेदारों से इन टेंडरों में भाग न लेने की अपील करते हुए कहा कि भाग लेने वाले ठेकेदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन ने बन तालाब जम्मू में दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत पर दुख जताया और सरकार से मृतकों के परिजनों को लेबर सेस फंड से आर्थिक सहायता देने की मांग की। एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से जेजेएम परियोजनाओं के तहत ठेकेदारों के 1200 करोड़ रुपये से अधिक के भुगतान लंबित हैं जबकि वर्ष 2017 से 2019 तक की देनदारियां भी अभी तक जारी नहीं की गई हैं। एसोसिएशन ने सरकार से जल्द भुगतान जारी कर ठेकेदारों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता