“महंगाई डायन खाए जात है” की गूंज-कठुआ में कांग्रेस का अनोखा विरोध, गानों के जरिए केंद्र पर निशाना

 


कठुआ, 02 जून (हि.स.)। बढ़ती महंगाई और अन्य जनहित मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ ने मंगलवार को एक अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीदी चैक कठुआ में एकत्रित हुए और फिल्मी गीतों के माध्यम से केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई डायन खाए जात है” जैसे गीत गाकर सरकार पर तीखा तंज कसा और आम जनता की परेशानियों को उजागर किया।

इस मौके पर पंकज डोगरा, युवा नेता रॉबिन शर्मा और अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद से लगातार महंगाई बढ़ रही है जिससे आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि यदि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी कम कर दे तो पेट्रोल 75 और डीजल 65 प्रति लीटर तक मिल सकता है। नेताओं ने यह भी कहा कि बढ़ती बेरोजगारी के चलते युवा वर्ग निराश होकर नशे की ओर बढ़ रहा है जो गंभीर चिंता का विषय है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उज्ज्वला योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शुरुआत में मुफ्त गैस कनेक्शन देने के बाद अब सिलेंडर की कीमतें 1000 तक पहुंच गई हैं जिससे गरीब परिवारों के लिए गैस भरवाना मुश्किल हो गया है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष साहिल अंडोत्रा ने कहा कि 2014 से पहले भाजपा महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरती थी, लेकिन अब खुद सत्ता में आने के बाद हालात और भी खराब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और जनता को जागरूक होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी देशभर में महंगाई और अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है और लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर इस “महंगाई के संकट” के खिलाफ खड़े हों, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया