राज्य का दर्जा बहाली को लेकर कठुआ में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, कार्यकर्ता हिरासत में

 


कठुआ, 05 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर को पुनः राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कठुआ में जोरदार प्रदर्शन किया। धारा 370 और 35ए हटाए जाने की बरसी पर जिलेभर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले।

कांग्रेस की जिला इकाई ने पार्टी कार्यालय के बाहर धरना दिया और रोष मार्च निकालने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने पहले ही क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया था। जैसे ही कार्यकर्ता बाहर निकले, पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें घेरकर आगे बढ़ने से रोक दिया जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टियां बांधकर विरोध जताया और आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण मार्च की अनुमति नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद नौकरियों और जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हुए हैं तथा युवाओं में बेरोजगारी बढ़ी है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया गया था लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। इस दौरान जब कुछ कार्यकर्ता जिला सचिवालय की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई युवा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया