कठुआ में कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

 


कठुआ, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और केंद्र सरकार के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ ने सोमवार को जिला सचिवालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डोगरा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पूर्व सांसद चाैधरी लाल सिंह, पूर्व मंत्री मनोहर लाल शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च निकालकर अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करवाया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह और पूर्व मंत्री मनोहर लाल शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सामने आए सवालों के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के इशारे पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली प्रभावित की जा रही है। नेताओं ने इन आरोपों को कांग्रेस का राजनीतिक पक्ष बताते हुए ज्ञानेश कुमार से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों के दौरान आयोग के कुछ फैसलों और निर्देशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की थी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटाने और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों पर मतदाता सूची में बदलाव को लेकर पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है। चौधरी लाल सिंह और मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच हो।

उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ भी अपना विरोध जताते हुए उसे सत्ता से हटाने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डोगरा, राॅबिन शर्मा, राकेश चौधर, संजय राजदान, रविंद्र सिंह, साहिल अंडोत्रा, अध्यन शर्मा सहित अन्यों ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका को दूर करना और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया