विधायक निजामुद्दीन भट ने इंडिया ब्लाक से कांग्रेस के समर्थन का किया आह्वान

 

जम्मू,, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू में कांग्रेस विधायक निजामुद्दीन भट ने इंडिया ब्लाक के सहयोगी दलों से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की मांग पर कांग्रेस का साथ देने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य के दर्जे का मुद्दा जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकारों और उनकी उम्मीदों से जुड़ा हुआ है इसलिए इस मुद्दे पर सभी सहयोगी दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।

जम्मू में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए निजामुद्दीन भट ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है और ऐसे में राजनीतिक दलों को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने इंडिया ब्लाक में शामिल दलों से कांग्रेस की इस मांग का समर्थन करने की अपील की।

निजामुद्दीन भट ने कहा कि पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करवाना कांग्रेस की प्रमुख मांगों में शामिल है और पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। उन्होंने सहयोगी दलों से कहा कि वे भी इस मुद्दे पर एक साझा आवाज बनें ताकि जम्मू-कश्मीर के लोगों की मांग को मजबूती के साथ आगे रखा जा सके।

पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस नेता रमन भल्ला और रविंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए पूर्ण राज्य के दर्जे की बहाली की मांग को प्रमुखता से उठाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता