कांग्रेस नेता प्रगट सिंह ने कहा : धारा 370 सिर्फ चुनावी जुमला न किसान खुश न युवा सुरक्षित
कठुआ, 29 जुलाई (हि.स.)। पंजाब से पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सरदार प्रगट सिंह ने कठुआ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को लेकर देशभर में प्रचार किया गया लेकिन वास्तविकता में यहां के लोगों को इसका कोई ठोस फायदा नहीं मिला।
प्रगट सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में न तो किसान खुश हैं न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धारा 370 के मुद्दे को केवल चुनावी फायदा उठाने के लिए इस्तेमाल किया। शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा बेहद परेशान है और शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की जरूरत है। उन्होंने देश पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सत्ता में बने रहने के लिए विभिन्न एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की स्थिति चिंताजनक है और उन्हें बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
प्रगट सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश में सरकार के खिलाफ संघर्ष करने वाला प्रमुख युवा चेहरा बताते हुए कहा कि जनता को जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के प्रमुख मुद्दों जैसे राज्य का दर्जा बहाल करने, व्यापार समझौतों और नीट पेपर लीक जैसे मामलों पर भी सरकार को घेरा। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में पेपर लीक मामलों में राज्य सरकार जिम्मेदार है और केवल सोशल मीडिया पर प्रचार किया जा रहा है जबकि जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा।
इस मौके पर कांग्रेस जिला इकाई के अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया