जम्मू में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्य का दर्जा बहाल करने और विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

 


जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने रविवार को कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला के नेतृत्व में जम्मू के रामपुरा से नई बस्ती तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन में डीसीसी जम्मू शहरी के अध्यक्ष योगेश साहनी, मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, वरिष्ठ नेता ठाकुर मनमोहन सिंह, जम्मू दक्षिण प्रभारी अमृत बाली सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने, ट्रस्ट का प्रबंधन संतों और शंकराचार्यों को सौंपने, नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने तथा बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए रमन भल्ला ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले दो वर्षों से राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन चला रही है और इस मुद्दे पर सड़क से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अन्य राजनीतिक दल भी इस मांग का समर्थन कर रहे हैं तो यह सकारात्मक कदम है। डीसीसी जम्मू शहरी के अध्यक्ष योगेश साहनी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई। कार्यक्रम को मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा, ठाकुर मनमोहन सिंह, अमृत बाली, अजय लाखोत्रा, विजय शर्मा, द्वारका चौधरी, सतीश शर्मा और अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा