कांग्रेस की जांच समिति ने अनुशासनहीनता और पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर नेताओं और विधायकों से की मुलाकात
श्रीनगर, 22 जून (हि.स.)। कांग्रेस की जांच समिति अभी कश्मीर घाटी में है और पार्टी नेताओं से अनुशासनहीनता और पार्टी-विरोधी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
शनिवार को श्रीनगर पहुंची इस टीम ने पिछले दो दिनों में कई नेताओं से मुलाकात की है।
टीम ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा, महासचिव और डोरू के विधायक गुलाम अहमद मीर, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद और पूर्व अध्यक्ष विकार रसूल से मुलाकात की।
गुलाम अहमद मीर ने पुष्टि की कि उन्होंने समिति से मुलाकात की।
उन्होंने कहा, हाई कमान ने कुछ नेताओं की गतिविधियों का संज्ञान लिया और यह समिति बनाई।
समिति ने रविवार को भी बड़े नेताओं के साथ बातचीत जारी रखी और कई पूर्व व मौजूदा विधायकों से मुलाकात की।
सूत्रों ने कहा, पैनल आज भी पार्टी नेताओं के साथ बातचीत जारी रखेगा।
12 जून को कांग्रेस हाई कमान ने पार्टी की जम्मू कश्मीर ईकाई में अनुशासनहीनता की गतिविधियों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस पैनल में शक्तिसिंह गोहिल (संयोजक), डॉ. अमर सिंह (सदस्य) और रफीक खान (सदस्य) शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह