आपदा प्रबंधन, मॉनसून तैयारियों और प्रशिक्षण गतिविधियों की ली विस्तृत समीक्षा
जम्मू, 13 अप्रैल (हि.स.)। डीआईजी सीडी एवं एसडीआरएफ जम्मू अनीता शर्मा ने स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) की 2वीं बटालियन मुख्यालय जम्मू का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली, बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उनका स्वागत कमांडेंट मोहम्मद असलम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। उन्हें बटालियन की भूमिका, हाल ही में किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन, उपलब्धियों और क्षमता निर्माण पहलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मॉनसून सीजन को ध्यान में रखते हुए तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
डीआईजी ने निरीक्षण के दौरान उपकरण स्टोर, संचार इकाइयों और आपातकालीन प्रतिक्रिया उपकरणों की जांच की। उन्होंने बल की उच्च स्तर की तैयारी बनाए रखने, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और कर्मियों के निरंतर कौशल विकास पर जोर दिया। विशेष रूप से तैराकी और डीप डाइविंग जैसी क्षमताओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से बचाव कार्य किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को उपकरणों के रखरखाव, प्रशिक्षण गतिविधियों, मॉनसून तैयारियों और आगामी यात्राओं के लिए समय पर तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा