एनआईटी श्रीनगर में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

 


जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) श्रीनगर में वीरवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के मुख्य फैकल्टी ब्लॉक में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया जिसमें शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. अनुराग मिश्रा ने कहा कि युवाओं में संवैधानिक जागरूकता होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को समझना जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. मोहम्मद आबिद बजाज और डीन रिसर्च एंड कंसल्टेंसी प्रो. रूही नाज मीर भी मौजूद रहे। एनएसएस समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल सिद्धांतों से परिचित करवाना और संस्थागत गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों को दोहराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा