प्रदर्शन की इजाज़त न मिलने पर भी 19 जुलाई को दिल्ली जाएंगे: सीएम उमर
श्रीनगर, 15 जुलाई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि अगर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए इजाज़त नहीं भी मिलती है तो भी नेशनल कॉन्फ्रेंस 19 जुलाई को नई दिल्ली के लिए रवाना होगी।
श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के छीने गए अधिकारों को बहाल करने के मुद्दे पर पार्टी का रुख़ अडिग है। उमर ने कहा कि हमारे कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। डॉ. मुस्तफ़ा कमाल भी यही चाहते थे कि हमारे छीने गए अधिकार बहाल हों।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने तय राजनीतिक कार्यक्रमों को जारी रखने का फ़ैसला तब भी किया था जब 11 जुलाई को डॉ. कमाल की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने कहा कि तब डॉक्टरों ने हमें बताया था कि शायद वे बच न पाएं। उस समय भी नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने हमें निर्देश दिया था कि चाहे कुछ भी हो हमें 12 जुलाई को जम्मू वाला कार्यक्रम जारी रखना है। अगर हमने वह कार्यक्रम रद्द नहीं किया तो 20 जुलाई का प्रदर्शन रद्द करने का तो सवाल ही नहीं उठता।
उमर ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेताओं को पहले ही बता दिया है कि अगर प्रदर्शन के लिए इजाज़त नहीं मिलती है तब भी 19 जुलाई को नई दिल्ली के लिए निकलना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सब्र से काम लेगी और साथ ही वैकल्पिक योजनाएं भी तैयार रखेगी।
उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि सब्र कैसे रखना है। हम इंतज़ार करेंगे लेकिन अपनी वैकल्पिक योजना भी तैयार रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह