मुख्यमंत्री उमर ने नेशनल स्कूल गेम्स की ट्रॉफियां जीतने पर जम्मू-कश्मीर की वुशू और ताइक्वांडो टीमों को बधाई दी

 

श्रीनगर, 28 अक्टूबर(हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज जम्मू-कश्मीर की वुशू और ताइक्वांडो टीमों को बधाई दी। इन टीमों ने गांदरबल के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन में आयोजित 70वें नेशनल स्कूल गेम्स में दोनों खेलों में 'ओवरऑल टीम ट्रॉफी' जीती है।

जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इन दोनों खेलों में कुल 22 पदक जीते। 22 से 26 अक्टूबर तक हुए ताइक्वांडो मुकाबलों में टीम ने 14 पदक हासिल किए जिनमें 4 स्वर्ण, 3 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं 15 से 19 अक्टूबर तक हुए वुशू मुकाबलों में टीम ने 8 पदक जीते जिनमें 1 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने 15 अक्टूबर को 70वें नेशनल स्कूल गेम्स का उद्घाटन किया था। इस आयोजन में 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,300 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिससे देश भर के उभरते खेल प्रतिभाओं को एक मंच मिला। इन युवा चैंपियनों को बधाई देते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर में खेलों की बढ़ती क्षमता और यहां के युवा खिलाड़ियों के समर्पण व कड़ी मेहनत को दर्शाती है।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। 70वें नेशनल स्कूल गेम्स का आयोजन 'स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' के तत्वावधान में जम्मू-कश्मीर के 'युवा सेवा और खेल निदेशालय' द्वारा किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता